रूस के हमलों में यूक्रेन में सात लोगों की मौत, कई घायल
रूस के हमले से यूक्रेन में तबाही
रूस ने बुधवार और बृहस्पतिवार की रात को यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों पर मिसाइलों और अन्य हथियारों से हमले किए, जिससे कम से कम सात लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक नुकसान पूर्वी निप्रोपेत्रोव्स्क और पश्चिमी ल्वीव क्षेत्रों में हुआ। हाल के महीनों में रूस ने यूक्रेन के शहरों पर हमलों की संख्या बढ़ा दी है, और अब ये हमले लगभग हर सप्ताह हो रहे हैं।
निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र हांझा ने बताया कि एक बड़े हमले में छह लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हुए, साथ ही नागरिक संरचनाओं को भी भारी नुकसान हुआ।
उन्होंने बताया कि मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक छह वर्षीय बच्ची और 11 तथा 17 वर्ष के दो किशोर शामिल हैं, जिनकी मौत क्रिवी रीह क्षेत्र में हुई।
ल्वीव क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख मक्सिम कोजित्स्की ने कहा कि रूसी मिसाइल हमले में घायलों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है और बचाव कार्य जारी है।
ल्वीव के मेयर आंद्री सादोवी ने बताया कि शहर पर तड़के करीब 4:45 बजे हमला हुआ, जिसमें दो आवासीय इमारतों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा। 20 से अधिक आवासीय भवन, एक स्कूल और दो किंडरगार्टन भी क्षतिग्रस्त हुए।
उन्होंने कहा कि घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कीव में, रूसी बलों ने बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया, जिसमें 31 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए। राष्ट्रीय पुलिस की प्रेस सेवा ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हमले में शहर की आवासीय इमारतों, एक बाजार, गैराज परिसर, भंडारण सुविधाओं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
कीव क्षेत्र के ब्रोवेरी जिले में भी पांच लोग घायल हुए हैं। कार्यवाहक क्षेत्रीय प्रशासन प्रमुख रुसलान ओलियीनिक ने फेसबुक पर बताया कि घायलों में एक नाबालिग और दो महिलाएं शामिल हैं।
