रेवाड़ी में मतदाता सूची पुनरीक्षण: पात्र मतदाताओं के लिए 20 नवंबर तक नाम जोड़ने का अवसर
मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अंतिम अवसर
रेवाड़ी: जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने जानकारी दी है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत उन योग्य मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में नाम जोड़ने का एक और मौका दिया जा रहा है, जो पहले से सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इस प्रक्रिया की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उन मतदाताओं को अंतिम सूची में नाम जोड़ने का एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया है, जिन्हें गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे नाम के कारण उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके।
एसआईआर अभियान के तहत 97 हजार मतदाता अनुपस्थित
डीसी ने बताया कि जिले में कुल 97,211 मतदाताओं ने एन्यूमरेशन फार्म जमा नहीं किए हैं। इनमें से 32,769 मृत, 16,972 अनुपस्थित, 40,117 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 1,915 अन्य श्रेणी में और 5,438 मतदाता पहले से सूची में दर्ज हैं। बावल विधानसभा में 2,30,037 मतदाताओं में से 2,04,578 फॉर्म डिजिटाइज किए गए हैं। कोसली विधानसभा में 2,48,951 मतदाताओं में से 2,28,428 फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं। रेवाड़ी विधानसभा में 2,60,350 मतदाताओं में से 2,09,121 फॉर्म डिजिटाइज किए गए हैं। अब आयोग के निर्देशानुसार, गणना प्रपत्र जमा न कर पाने वाले पात्र मतदाताओं को भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर दिया गया है।
गणना प्रपत्र जमा करने की प्रक्रिया
डीसी ने बताया कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान निवास स्थान से जुड़े ईआरओ, एईआरओ या बीएलओ के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, मतदाता अपने पुराने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआईनेट ऐप से गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
यदि मतदाता ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, तो वह हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवा सकता है। इसमें पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण भी बताना होगा। परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी यह प्रपत्र जमा किया जा सकता है।
फॉर्म-8 जमा करने की आवश्यकता नहीं
यदि कोई मतदाता हरियाणा में किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-सी) और निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।
जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र और घोषणा पत्र जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों और संबंधित घोषणाओं का ईआरओ द्वारा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत सत्यापन किया जाएगा।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
डीसी ने बताया कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। होमलेस मतदाता जिनके पास निवास प्रमाण से संबंधित दस्तावेज नहीं हैं, उनकी बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी पर्याप्त होगी। एसआईआर से संबंधित सभी कार्य 20 नवंबर 2026 तक पूरे किए जाने हैं, और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को होगा।
अभिषेक मीणा ने कहा कि मतदाता सूची में हर योग्य नागरिक का नाम होना आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें और उन्हें गणना प्रपत्र भरकर जमा करने में मदद करें।
