लखनऊ अस्पताल में अवैध वसूली के मामले में कार्रवाई, डॉक्टर और अटेंडेंट बर्खास्त
लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाई
लखनऊ। बीकेटी स्थित राम सागर मिश्र अस्पताल में ऑपरेशन के लिए छह हजार रुपये मांगने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग ने कठोर कदम उठाए हैं। वायरल वीडियो के आधार पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। आरोपी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा सिंह को अस्पताल से हटा दिया गया है और उन्हें माल सीएचसी भेजा गया है, जबकि ओटी अटेंडेंट देवेंद्र कुमार सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है।
राम सागर मिश्रा 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, बख्शी का तालाब, लखनऊ में स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा अवैध वसूली किए जाने, के आरोपों संबंधी वायरल वीडियो का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मेरे द्वारा मण्डलीय अपर निदेशक, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को प्रकरण की जांचकर दोषियों…
— Brajesh Pathak (@brajeshpathakup) September 3, 2026
आरोप है कि भवानीपुर के निवासी लल्ला ने बुधवार सुबह अपनी गर्भवती पत्नी धर्मी को अस्पताल लाया। डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी और ओटी में ले जाने के बाद परिजनों से छह हजार रुपये की मांग की। जब परिजनों ने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो ऑपरेशन को टालने और मरीज को अन्य अस्पताल भेजने की बात कही गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की।
इस मामले की जांच मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. उमेश सचान करेंगे। डिप्टी सीएम ने एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। यदि जांच में कोई दोषी पाया गया, तो उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राम सागर मिश्र अस्पताल का अतिरिक्त कार्यभार इटौंजा सीएचसी की डॉ. शबा आफरीन को सौंपा गया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
