लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने से 14 छात्रों की जान गई
लखनऊ में आगजनी की घटना
लखनऊ - अलीगंज क्षेत्र के पुरानिया में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से कम से कम 14 छात्रों की जान चली गई। कई छात्र इमारत के अंदर फंस गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें अधिकांश छात्र शामिल हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 5 और बच्चे फंसे हुए हैं। दूसरे मंजिल पर चल रही कक्षाओं में छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। एक छात्र ने पहली मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह नीचे ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'लखनऊ में आगजनी की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।'
अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लखनऊ में हुई इस दुर्घटना की जानकारी मिली है और कुछ बच्चों की दुखद मौत हो गई है। प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने घायलों के उचित इलाज का भी निर्देश दिया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर आठ दमकल गाड़ियां भेजी गईं और फायरमैन ने इमारत की दीवार तोड़कर फंसे हुए लोगों को निकाला, जिनमें 20 से अधिक छात्र शामिल थे। एक छात्र के बड़े भाई शकील अहमद ने कहा, 'मेरा छोटा भाई अंदर फंसा हुआ है। फोन पर उससे मिला आखिरी संदेश यह था कि वह आग और धुएं से बचने के लिए वॉशरूम की तरफ भाग रहा है।'
जब फायरमैन आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, तब कुछ छात्रों को ऊंची मंजिलों से कूदते हुए देखा गया। घायलों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
