लखनऊ में छठ महापर्व का भव्य उत्सव, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
छठ महापर्व का समापन
लखनऊ : आज 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का व्रत संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेशभर के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। लखनऊ के चिनहट स्थित कांशीराम कॉलोनी, लौलाई में भी ऐसा ही उत्साह देखने को मिला।
चिनहट के ब्लॉक संख्या 100 कांशीराम कॉलोनी योजना लौलाई में पूर्वांचल छठ पूजा सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा 15 और 16 नवंबर को 14वां भव्य छठ पूजा महोत्सव आयोजित किया गया। इस आयोजन के लिए समिति ने घाट की सफाई, रंगाई-पोताई और लाइटिंग की व्यवस्था की। 15 नवंबर को कार्यक्रम स्थल पर जागरण का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान कॉलोनी के छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
स्थानीय निवासी हर्षित शुक्ला ने बताया कि छठ महापर्व लोक आस्था से जुड़ा हुआ है, खासकर पूर्वांचल और बिहार के लोगों के लिए। यहां बड़ी संख्या में पूर्वांचल और बिहार से आए परिवार रहते हैं, जो इस पर्व को बड़े उत्साह से मनाते हैं। हालांकि, कॉलोनी में विभिन्न जातियों और धर्मों के लोग भी छठ पूजा देखने के लिए आते हैं। हर साल घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।
एक अन्य निवासी अभिषेक वर्मा ने कहा कि वह पहली बार यहां छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं और उन्हें आयोजन का माहौल और लोगों का उत्साह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है।
