लखनऊ में ट्रिपल मर्डर केस: पुलिस ने की सख्त कार्रवाई, दो अधिकारियों को निलंबित किया
लखनऊ में ट्रिपल मर्डर की घटना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में सोमवार को कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने लापरवाही के चलते सआदतगंज के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी के इंचार्ज अजय कुमार चौरसिया को तुरंत निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को ब्राह्मणी टोला में कार पार्किंग विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में तीन व्यक्तियों की जान चली गई थी। इस गंभीर घटना को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से एक पिस्टल और चार खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, और इलाके में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस बीच, जब तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके घर पहुंचे, तो क्षेत्र में भारी शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों का रोना-धोना और आक्रोशित लोगों द्वारा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। सैकड़ों स्थानीय लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती
घटना के बाद क्षेत्र में उत्पन्न तनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि लखनऊ के सआदतगंज में कार पार्किंग और चबूतरे के विवाद में पूर्व मर्चेंट नेवी ऑफिसर ऋषभ शुक्ला ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक ही परिवार के तीन सदस्यों (शिवाजी, शंभू और सुयश तिवारी) की हत्या कर दी थी।
घटना के बाद आरोपी शवों के पास बैठा रहा और मदद के लिए आने वालों को धमकी देता रहा। जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची, तो वहां गंदगी का अंबार मिला। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। आज तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
