लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक महिला की मौत और एक गंभीर घायल
लखनऊ में भीषण विस्फोट से हड़कंप
लखनऊ। सोमवार सुबह नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम देवती में एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में हुए भयंकर विस्फोट ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री का ढांचा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास मलबा बिखर गया।
इस हादसे में 22 वर्षीय मारिया गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, मोहित नामक एक युवक भी गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मारिया फैक्ट्री के संचालक की भांजी थीं।
जानकारी के अनुसार, विस्फोट मो. शफीक (26) की लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में हुआ। चूंकि फैक्ट्री गांव से कुछ दूरी पर स्थित थी, इसलिए आसपास कोई रिहायशी आबादी नहीं थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय मोहित पास में जानवर चरा रहा था और पानी पीने के लिए फैक्ट्री के निकट पहुंचा था।
धमाके के बाद स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग पर काबू पा लिया। पुलिस अब विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह हादसा शाम के समय हुआ होता, जब लोगों की आवाजाही अधिक होती, तो जनहानि कहीं अधिक हो सकती थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि नगराम क्षेत्र के ग्राम देवती में विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
