लखनऊ में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार
लखनऊ में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला
लखनऊ : मोहनलालगंज थाने की पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पीड़िता ने मोहनलालगंज थाने में एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि लगभग तीन साल पहले, जब वह 10वीं की छात्रा थी, उसकी पहचान गौरव नामक युवक से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने विद्यालय आने-जाने के दौरान उससे संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे उनकी बातचीत बढ़ने लगी।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने उसे शादी का आश्वासन देकर अपने जाल में फंसाया और विद्यालय छोड़ने तथा वापस लाने के बहाने उसके निकट संपर्क में रहा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने विवाह का झूठा वादा करके उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने अपने परिवार से भी विवाह के संबंध में बातचीत कराकर पीड़िता को विश्वास दिलाया। लेकिन जब पीड़िता ने विवाह की बात की, तो आरोपी और उसके परिवार ने विवाह से इंकार कर दिया। इस पर मोहनलालगंज पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपों की जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए मोहनलालगंज पुलिस ने 11 जून को आरोपी गौरव को उसके घर से लगभग 12:30 बजे गिरफ्तार किया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया।
वहीं, लखनऊ के हजरतगंज स्थित शालीमार ग्रैंड अपार्टमेंट में एक युवती द्वारा आत्महत्या करने की सूचना भी पुलिस को मिली। प्रियंका शुक्ला ने थाना हजरतगंज में जानकारी दी कि उनके घरेलू सहायक प्रिया ने सर्वेंट रूम में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के परिजन भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
