लखनऊ में सुपर स्पेशलिटी ओपीडी का उद्घाटन, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
लखनऊ में नई स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के सहयोग से सुपर स्पेशलिटी ओपीडी, न्यूरोलॉजी वार्ड, ओटी, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और स्ट्रोक यूनिट का उद्घाटन किया गया। इन अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इससे मरीजों को बेहतर उपचार, समय पर विशेषज्ञ परामर्श और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उत्तर प्रदेश सरकार नागरिकों को सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का उद्घाटन करते हुए उप मुख्यमंत्री और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अब न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और स्ट्रोक से संबंधित मरीजों के लिए ओपीडी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और सिविल अस्पताल के बीच समझौते के तहत मरीजों को अस्पताल में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। सरकार ने चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करते हुए सुविधाओं को और मजबूत किया है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी मॉडल को अन्य अस्पतालों में भी लागू किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों के बीच समझौते कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यूपी के उप मुख्यमंत्री व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के समन्वय से सुपर स्पेशलिटी ओपीडी, न्यूरोलॉजी वार्ड एवं ओटी, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी तथा स्ट्रोक यूनिट का शुभारंभ किया। pic.twitter.com/5wMm2pnCt6
— News Media (@PardaphashToday) September 10, 2026
ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ में स्वाइन फ्लू को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। बुखार होने पर लोग घबराएं नहीं, मास्क पहनकर सावधानी बरतें। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वाइन फ्लू के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर नजदीकी अस्पताल जाकर डॉक्टर से जांच कराएं। स्वाइन फ्लू को लेकर फिलहाल कोई पैनिक जैसी स्थिति नहीं है। अब 70 साल तक के अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टर अस्पतालों में सेवाएं दे सकेंगे।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित कुमार घोष, सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण रितु माहेश्वरी, महानिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. पवन कुमार अरुण, निदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान डॉ. सीएम सिंह, निदेशक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल डॉ. जीपी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल हॉस्पिटल डॉ. देवेश चंद्र पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान डॉ. विक्रम सिंह, मेडिकल सुपरीटेंडेंट, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल डॉ. एसआर सिंह, डॉ. आशुतोष दुबे एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
