लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे भारतीय सेना के नए प्रमुख
केंद्र सरकार ने नियुक्ति को दी मंजूरी
उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगला आर्मी चीफ नियुक्त किया गया है। वे मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त होगा। इसी दिन सेठ भारत के 31वें आर्मी चीफ का पद ग्रहण करेंगे। केंद्र सरकार ने शनिवार को उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी।
धीरज सेठ का सैन्य अनुभव
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त किया और भारतीय सेना में लगभग चार दशकों का अनुभव है। वे एक सैन्य परिवार से हैं, उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ 1997 में भारतीय सेना में एडजुटेंट जनरल के पद से रिटायर हुए थे। धीरज सेठ को खेलों में भी रुचि है, विशेषकर टेनिस और गोल्फ में। उनकी पत्नी का नाम कोमल सेठ है।
महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का अनुभव
धीरज सेठ ने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं। वे उन कुछ अधिकारियों में से हैं जिन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर दो प्रमुख ऑपरेशनल कमांडों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा, उन्होंने अंगोला में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन और सेना के क्षमता विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया है।
शिक्षा और प्रशिक्षण
धीरज सेठ ने खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी और देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी से शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, वे वेलिंगटन के डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, महू के आर्मी वॉर कॉलेज और नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं।
उन्होंने फ्रांस के कॉलेज इंटरआर्मे डी डिफेंस में जनरल स्टाफ कोर्स और अमेरिका के नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल में इंटरनेशनल डिफेंस एक्विजिशन मैनेजमेंट कोर्स भी किया। यंग ऑफिसर्स कोर्स में उन्हें सिल्वर सेंचुरियन सम्मान प्राप्त हुआ।
