लोकदल के अध्यक्ष सुनील सिंह ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली में भाग लेने का किया आह्वान
सुनील सिंह का किसानों और युवाओं से अपील
लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने किसानों, युवाओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली INDIA गठबंधन की महारैली में बड़ी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। सुनील सिंह स्वयं भी इस महारैली में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि लोकदल, INDIA गठबंधन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र, मताधिकार और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए दृढ़ता से लड़ रहा है। इस महारैली में SIR, मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।
सुनील सिंह ने यह भी कहा कि वोट की पवित्रता पर उठने वाले सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की पवित्रता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अब निर्णय जनता को करना है। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में पहुंचकर लोकतंत्र की आवाज को मजबूत करें। उन्होंने यह भी बताया कि किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली आ रहे हैं और 1 नवंबर को रामलीला मैदान में लोकतंत्र की आवाज को बुलंद करेंगे।
