विशाल शरद पूर्णिमा मेला 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में
अग्रोहा धाम में शरद पूर्णिमा का आयोजन
जालंधर: अग्रोहा धाम (हिसार) में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर अग्रोहा विकास ट्रस्ट द्वारा 25 अक्टूबर को एक भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु, विशेषकर अग्रवाल और वैश्य समाज के लोग, महाराजा अग्रसेन जी और कुलदेवी मां महालक्ष्मी का आशीर्वाद लेने के लिए शामिल होंगे।
इस मेले का आयोजन अग्रोहा विकास ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष श्री बजरंग दास गर्ग की देखरेख में होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम श्री कविंद्र गुप्ता, उद्योगपति, हिसार की विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री वीरेंद्र गोयल, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल, और अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां शामिल होंगी।
अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के दोआबा अध्यक्ष श्री शांत गुप्ता और पंजाब सरकार के अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड, जालंधर सेंट्रल के चेयरमैन श्री राजन गुप्ता ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है:
* प्रातः 6:00 बजे: अग्रोहा धाम के ऐतिहासिक शक्ति सरोवर में स्नान
* प्रातः 7:00 बजे: मंदिरों में आरती एवं पूजा-अर्चना
* प्रातः 8:00 बजे: भव्य कलश यात्रा
* प्रातः 9:00 बजे: भोजन प्रसाद
* प्रातः 10:00 बजे: कुलदेवी मां महालक्ष्मी को छप्पन भोग
* प्रातः 10:30 बजे: ध्वजारोहण
* दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक: महाअधिवेशन, जिसमें अतिथियों के उद्बोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
श्री शांत गुप्ता और श्री राजन गुप्ता ने बताया कि पंजाब प्रदेश से बड़ी संख्या में अग्रवाल और वैश्य समाज के सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राज्य पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने सभी सदस्यों से इस विशाल धार्मिक और सामाजिक आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर उद्योगपति श्री अश्वनी अग्रवाल, श्री विकास बंसल, श्री ललित मित्तल, श्री करण जिंदल और श्री मैगल गुप्ता भी उपस्थित रहेंगे।
