Newzfatafatlogo

वृंदावन के इंद्रदेव महाराज पर यौन शोषण का आरोप, FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के वृंदावन में इंद्रदेव महाराज पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। एक 42 वर्षीय महिला ने उन पर शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि इंद्रदेव ने उसकी धार्मिक आस्था का गलत फायदा उठाया। इस मामले में FIR दर्ज की गई है और संत समाज ने सख्त रुख अपनाया है। जानें इस मामले की पूरी कहानी और कानूनी कार्रवाई के बारे में।
 | 

यौन शोषण के गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के वृंदावन में इंद्रदेव महाराज पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। पुणे की 42 वर्षीय महिला ने उन पर शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इंद्रदेव ने उसकी धार्मिक आस्था का गलत फायदा उठाकर उसके साथ यौन शोषण किया। इस मामले में इंद्रदेव और एक महिला के बीच का ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। महिला की शिकायत के बाद महाराष्ट्र के मीरा-भयंदर स्थित काशीमीरा पुलिस स्टेशन में जीरो FIR दर्ज की गई है.


मामले की कानूनी कार्रवाई

चूंकि घटना का मुख्य स्थल उत्तर प्रदेश का वृंदावन है, इसलिए महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इसे वृंदावन पुलिस को सौंप दिया है.


महिला के आरोपों का विवरण

पीड़िता के अनुसार, वह 2023 में सोशल मीडिया पर महाराज के धार्मिक प्रवचन देखकर उनसे संपर्क में आई। इसके बाद वह मुंबई में आयोजित एक सत्संग में शामिल हुई। वहां मिलने के बाद, उसने महाराज से दीक्षा लेने की इच्छा जताई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और महाराज ने उसकी निजी समस्याओं को हल करने का भरोसा देकर उसका विश्वास जीत लिया।


महिला का आरोप है कि उसे वृंदावन में 'सेवाधाम आश्रम' में बुलाया गया, जहां रात के समय फोन करके उसे कमरे में बुलाया गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। उसने यह भी कहा कि महाराज वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें करते थे और रिकॉर्डिंग रखने पर बदनामी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी.


8 महीने बाद FIR दर्ज

पीड़िता का कहना है कि वह पिछले 8 महीनों से न्याय की तलाश में थी। अंततः सामाजिक संस्था 'भूमाता ब्रिगेड' की अध्यक्ष तृप्ति देसाई के हस्तक्षेप के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 69, 75, 79 और 351(2) के तहत दर्ज किया गया है। तृप्ति देसाई ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है और कहा है कि यदि किसी अन्य महिला के साथ भी ऐसा अन्याय हुआ है, तो पुलिस उसकी भी जांच करे.


इंद्रदेव और निरंजनी अखाड़े का रुख

इंद्रदेव महाराज वृंदावन के एक भागवत कथावाचक और निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर हैं। मामले के सामने आने के बाद वृंदावन के संत समाज ने भी सख्त रुख अपनाया है। अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पूरी ने कहा कि संत समाज किसी भी अनैतिक कार्य का समर्थन नहीं करता। पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट आने पर संगठन इंद्रदेव के खिलाफ सख्त कानूनी और संगठनात्मक कार्रवाई करेगा.


वहीं, आनंद अखाड़े के अध्यक्ष महंत शंकारानंद सरस्वती ने इंद्रदेव के संन्यास पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इंद्रदेव ने कभी औपचारिक संन्यास की दीक्षा नहीं ली थी और उनका आचरण पारंपरिक संन्यासियों जैसा नहीं रहा है। फिलहाल, पुलिस पीड़िता के बयानों और डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है.