शारजाह में कर्नाटक के नागरिक की हत्या का मामला, शव नौ हिस्सों में मिला
शारजाह में हत्या का मामला
डिजिटल डेस्क। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी जिले के निवासी एल्विन प्रकाश कुंदर की हत्या का मामला सामने आया है। लगभग दो महीने से उनका कोई संपर्क नहीं था। खोजबीन के दौरान उनका शव एक कार से बरामद हुआ, जिसे नौ हिस्सों में काटा गया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
एल्विन पिछले 14 वर्षों से शारजाह एयरपोर्ट पर कार्यरत थे। उनके परिवार के अनुसार, 20 जुलाई को उनके भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। इसके बाद उनके फोन से एक संदेश आया कि वह ठीक हैं, जो परिवार को असामान्य लगा क्योंकि एल्विन आमतौर पर टेक्स्ट मैसेज के बजाय वॉइस मैसेज भेजते थे।
भारत लौटने की जानकारी पर संदेह
जब कई दिनों तक एल्विन से कोई संपर्क नहीं हुआ, तो उनके भाई ने शारजाह में उनके मित्र मनोहर से जानकारी लेने को कहा। मनोहर जब उनके आवास पर पहुंचे, तो सुरक्षा गार्ड ने बताया कि एल्विन अपने परिवार के साथ भारत लौट चुके हैं। कंपनी के HR विभाग से भी इसी तरह की जानकारी मिली। लेकिन परिवार ने इस पर संदेह जताया। जब यात्रा रिकॉर्ड की जांच की गई, तो पता चला कि एल्विन के पासपोर्ट में UAE से बाहर जाने का कोई रिकॉर्ड नहीं था। इसके बाद परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
ओमान जाने वाली सड़क पर मिली कार
जांच के दौरान पुलिस ने ओमान की ओर जाने वाली सड़क पर एक कार से एल्विन के शव के हिस्से बरामद किए, जो दो बैग में रखे गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी परिवार को मिलने की बात सामने आई है। हत्या के कारण और इसमें शामिल व्यक्तियों की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।
एल्विन की पत्नी टीना शारजाह में शिक्षिका थीं और उनका बेटा कक्षा 10 में पढ़ता है। दोनों लापता हैं और उनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। परिवार ने कहा है कि उन्हें एल्विन और उनकी पत्नी के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। मामले की जांच UAE की एजेंसियों द्वारा की जा रही है और उडुपी पुलिस भी वहां के अधिकारियों से जानकारी का इंतजार कर रही है।
