संभल में स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल छज्जा गिरने से बच्चे की मौत, दो घायल
दुखद घटना के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक निजी स्कूल के मुख्य गेट का छज्जा गिरने से एक बच्चे की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीएम विकास चंद्र, सीओ असमोली अमन सिंह और थाना प्रभारी सुधीर पंवार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सुबह 11:25 बजे डीएम अंकित खंडेलवाल, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बीएसए अलका शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
संभल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान स्कूल का छज्जा गिरने से एक बच्चे की मौत, दो घायल; हादसे का लाइव वीडियो सामने आया#NewsLeader pic.twitter.com/s4EcZoIvhD
— News Leader (@NewsLeaderLive) August 15, 2026
यह घटना शनिवार सुबह लगभग 10 बजे संभल तहसील के थाना असमोली क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव में स्थित अल हसनैन पब्लिक स्कूल में हुई। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्कूल के मुख्य द्वार पर बना छज्जा अचानक गिर गया। इस हादसे में छह वर्षीय निजामम पुत्र नईम की मृत्यु हो गई। घायल बच्चों की पहचान 11 वर्षीय सैफ अली पुत्र साबुन और 10 वर्षीय शैदाना पुत्र इमरान के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था और बच्चे इसे देखने के लिए इकट्ठा हुए थे, तभी स्कूल के मुख्य गेट पर बना छज्जा अचानक गिर गया। छज्जे के नीचे दबने से बच्चे घायल हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।
घायल बच्चों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां निज़ाम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निज़ाम के परिवार में इस घटना के बाद गहरा शोक है। थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि घायल बच्चों को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। स्वतंत्रता दिवस के इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
मासूम बच्चों की मौत, सिस्टम की जवाबदेही कौन लेगा?
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि मासूम बच्चों की मौत, सिस्टम की जवाबदेही कौन लेगा? संभल में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान स्कूल का छज्जा गिरने से 8 साल के मासूम बच्चे की मौत और दो बच्चों का घायल होना बेहद दुखद है। जिस व्यवस्था में स्कूलों की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं, वहां भाजपा सरकार केवल जश्न और प्रचार में व्यस्त क्यों है? बच्चों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है, यह कोई एहसान नहीं।
मासूम बच्चों की मौत, सिस्टम की जवाबदेही कौन लेगा?
संभल में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान स्कूल का छज्जा गिरने से 8 साल के मासूम बच्चे की मौत और दो बच्चों का घायल होना बेहद दर्दनाक है।
जिस व्यवस्था में स्कूलों की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं, वहां भाजपा सरकार सिर्फ़ जश्न और… pic.twitter.com/sxdsonjlWC
— UP Congress (@INCUttarPradesh) August 15, 2026
पार्टी ने कहा कि मासूम की जिंदगी चली गई, अब जवाबदेही तय होगी या हमेशा की तरह जिम्मेदारों को बचाया जाएगा? भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि स्कूलों की खराब व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
