सऊदी अरब में एयरपोर्ट पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत
सऊदी अरब में किंग फहद एयरपोर्ट पर हमला
रियाद: सऊदी अरब के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार रात को हुए एक गंभीर हमले में दो लोगों की जान चली गई। इनमें एक भारतीय नागरिक शामिल है, जबकि आठ अन्य घायलों में भी दो भारतीय हैं।
भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा, "सऊदी अधिकारियों ने बताया कि दम्मम एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की भी मौत हुई है। इसके अलावा, दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हम इस मामले में और जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
इससे पहले, सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (जीएसीए) ने एक बयान जारी कर हमले की जानकारी दी।
बयान में कहा गया है कि दम्मम स्थित किंग फहद एयरपोर्ट पर हुए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जिनमें एक सऊदी और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस हमले में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक सऊदी नागरिक, भारत, यमन और बांग्लादेश के दो-दो निवासी, और नेपाल का एक निवासी शामिल है। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
जीएसीए ने यह पुष्टि की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। एयरपोर्ट का संचालन अब सामान्य हो गया है।
गौरतलब है कि सऊदी अरब में बुधवार रात को एयरपोर्ट और तेल स्थलों पर कई हमले हुए थे। दम्माम फारस की खाड़ी के तट पर स्थित है और यह बहरीन और कतर के निकट है।
सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी अरामको के तेल ठिकाने पर भी ड्रोन हमले हुए, जिसमें नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हो गई। इस हमले में एक भारतीय नागरिक भी घायल हुआ। बढ़ते हमलों के बीच अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों को परिवारों के साथ सऊदी अरब छोड़ने की सलाह दी है।
