सपा नेता राम गोविंद चौधरी का निधन, सीएम योगी और अखिलेश ने जताया शोक
राम गोविंद चौधरी का निधन
राम गोविंद चौधरी का निधन : उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार को 73 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। चौधरी ने प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी कार्य किया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा के प्रमुख अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।'
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, 'समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!'
सूत्रों के अनुसार, चौधरी लंबे समय से हृदय और किडनी से संबंधित बीमारियों से ग्रस्त थे। उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने रात करीब 9 बजे अंतिम सांस ली।
