सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी पर हमला, अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाया आरोप
सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी पर हमला
सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी पर हमला: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी पर भीड़ ने हमला किया। भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेरकर उसके शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने किसी तरह सांसद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस घटना पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और उनकी सरकार पीडीए समाज को डराने का प्रयास कर रही है।
अखिलेश यादव ने लक्ष्मीकांत की गाड़ी का एक वीडियो साझा किया, जिसमें गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। कार के अंदर कांच के टुकड़े बिखरे हुए हैं और बाहरी हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'भाजपा नेताओं और जन प्रतिनिधियों को निशाना बनाकर पीडीए समाज को डराना चाहती है। भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली हार से उबरने के लिए लठतांत्रिक तरीके अपनाना चाहती है। उनकी नकारात्मक राजनीति अब और नहीं चलेगी।'
अखिलेश ने आगे कहा, 'भाजपा अब कभी वापस नहीं आएगी। उनकी काठ की हांडी जलकर राख हो चुकी है। अब वे एक-दूसरे के भ्रष्टाचार के राज उजागर करने में लगे हैं। राम मंदिर की चोरी और शंकराचार्य जी पर आरोपों ने भाजपा की पोल खोल दी है। इसलिए भाजपा की साम्प्रदायिक राजनीति का अंत हो गया है।'
कभी लोधी समाज तो कभी निषाद समाज के नेताओं और जन प्रतिनिधियों को निशाना बनाकर भाजपाई और उनकी भाजपा सरकार दरअसल शक्ति के बल पर ‘पीडीए समाज’ को डराना-धमकाना चाहती है।
भाजपा 2024 के लोकसभा में हुई ‘महा हार’ की हताशा से उबरने के लिए लोकतांत्रिक की जगह ‘लठतांत्रिक’ तरीके अपनाना चाहती… pic.twitter.com/7x9ZFFvWsU
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 19, 2026
उन्होंने कहा, 'हम सामाजिक न्याय का राज लाकर बंधुराष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे नई सोच का जन्म होगा और युवाओं की सकारात्मक सोच पर आधारित प्रोग्रेसिव 'Neo-India' बनेगा जिसमें कोई भी पीड़ित या अपमानित नहीं होगा। हर समाज के निर्बल और उत्पीड़ित को समानता के आधार पर फलने-फूलने का अवसर मिलेगा।'
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल
यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुई, जब संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा अमरडोभा चौराहे पर पहुंची। पुलिस ने डीजे को थाने ले जाने का प्रयास किया, जिससे नाराज लोग सड़क पर बैठ गए। इस दौरान सपा सांसद की गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया और तोड़फोड़ की। पुलिस ने सांसद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक और अपर जिलाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद ने कहा कि उनकी तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और उन पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उपद्रवी सत्ता से संरक्षित हैं और यह सहन नहीं हो रहा कि छोटी जाति का व्यक्ति सांसद कैसे बन गया। उन पर जानलेवा हमला हुआ।
