सहारनपुर में सड़क हादसे में चार परिवार के सदस्यों की मौत
सड़क दुर्घटना ने सहारनपुर में मचाई तबाही
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक भयानक सड़क दुर्घटना ने सभी को हिला कर रख दिया है। इस दुखद घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई। मृतक परिवार हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहा था, तभी तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी।
हरिद्वार से लौटते समय हुआ हादसा
सूत्रों के अनुसार, सोनीपत के मंडौरा गांव का परिवार शुक्रवार को हरिद्वार से गंगा स्नान करके वापस लौट रहा था। जब उनकी टियागो कार सहारनपुर के हलगोया गांव के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर दे दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
इस दुर्घटना में 71 वर्षीय सुदेश, उनके 40 वर्षीय बेटे प्रवीण, 37 वर्षीय बहू प्रीति और 9 वर्षीय मासूम शिवांश की जान चली गई। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने अपनी गाड़ियां रोककर घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चारों को बचाया नहीं जा सका। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक्सप्रेसवे पर एक टियागो कार पीछे की ओर आ रही है, तभी तेज गति से आ रही सफेद स्कॉर्पियो उससे टकरा जाती है। वीडियो में स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज दिखाई दे रही है, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
Delhi Dehradun Expressway
If you miss the exit,use the next exit !!!pic.twitter.com/Nhvjm8agxQ— DriveSmart
(@DriveSmart_IN) June 28, 2026
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई दर्दनाक सच्चाई
मृतकों के पोस्टमार्टम से हादसे की गंभीरता का पता चला है। चिकित्सकों के अनुसार, टक्कर का प्रभाव इतना अधिक था कि चारों के सीने पर गंभीर दबाव पड़ा और उनकी कई पसलियां टूट गईं। इससे फेफड़ों और श्वसन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचा, जिसके कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई। मृतकों के परिजन जयदेव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि परिवार हरिद्वार से लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन के नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

(@DriveSmart_IN)