सिक्किम में जलविद्युत परियोजना में हादसा: 22 शव बरामद, 3 लोग लापता
सिक्किम में निर्माणाधीन परियोजना में दुर्घटना
नामची: सिक्किम के नामची जिले में 20 जुलाई को एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में अब तक 22 शवों को निकाला जा चुका है। इस घटना में तीन लोग अभी भी लापता हैं। रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना के समय सुरंग में 25 श्रमिक फंसे थे, जिनमें से 22 के शव बरामद कर लिए गए हैं। बाकी की खोज के लिए बचाव कार्य तेजी से जारी है।
बुधवार रात 10 बजे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) से एक अतिरिक्त बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा है। एनडीआरएफ और ईसीएल मिलकर तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं।
DNA परीक्षण से होगी पहचान, झारखंड के श्रमिक भी लापता
यह हादसा 20 जुलाई को दोपहर लगभग 1 बजे हुआ था, और तब से राहत एवं बचाव कार्य लगातार चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जिन शवों की पहचान नहीं हो पा रही है, उनकी पहचान के लिए आवश्यकता पड़ने पर DNA परीक्षण किया जाएगा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि परियोजना में काम कर रहे चार श्रमिक झारखंड के खूंटी, हजारीबाग और पश्चिम सिंहभूम जिले के निवासी थे।
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा
इस हादसे के बाद NHPC ने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। सिक्किम सरकार ने मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रशासन का कहना है कि सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान तेजी से चल रहा है।
