सीजेपी नेताओं पर विदेश यात्रा पर रोक: मुंबई पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर
सीजेपी नेताओं पर कार्रवाई
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास के बाद, अब भारत सरकार ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के नेता आशुतोष रांका की विदेश यात्रा पर भी रोक लगा दी है। गुरुवार को मुंबई पुलिस ने इन नेताओं के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया। इन पर गांधी जयंती के अवसर पर मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति रैली आयोजित करने का आरोप है।
इससे पहले, सौरव दास के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था, जिसके चलते उन्हें नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रोका गया। केंद्र सरकार ने इस मामले की जानकारी दिल्ली हाई कोर्ट को दी। इसका मतलब है कि सौरव अब विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। सरकार का कहना है कि उनके पासपोर्ट में पिता का नाम खाली है और जन्मस्थान, शिक्षा और पते से संबंधित जानकारियों में भी विसंगतियां पाई गई हैं।
यह ध्यान देने योग्य है कि 23 नवंबर को सौरव को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोका गया था। उनके वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि सौरव को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश यात्रा पर रोक के बारे में पहले से सूचित नहीं किया गया था। उन्हें एयरपोर्ट पर पहुंचने पर नोटिस दिया गया। इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया था। वकील ने कोर्ट से लुकआउट नोटिस की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की, लेकिन केंद्र ने कहा कि नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती। हालांकि, अब दास को इसकी जानकारी हो गई है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।
