सीबीआई ने 2008 के हत्या मामले में भगोड़े सुजीत कुमार का यूएई से प्रत्यर्पण किया
सुझित कुमार का प्रत्यर्पण
नई दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2008 के एक हत्या मामले में वांछित भगोड़े सुजीत कुमार का संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पण कराया है। सुजीत कुमार लंबे समय से फरार था। अधिकारियों के अनुसार, उसे वर्तमान में केरल पुलिस के हवाले किया गया है।
सीबीआई ने बताया कि विदेश मंत्रालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और केरल पुलिस के सहयोग से सुजीत कुमार को भारत लाने में सफलता प्राप्त हुई है।
सीबीआई के अनुसार, सुजीत कुमार केरल पुलिस द्वारा दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित था। यह मामला अक्टूबर 2008 का है, जब पुरानी रंजिश के चलते उसने और अन्य आरोपियों ने एक गैर-कानूनी समूह बनाकर एक व्यक्ति पर घातक हथियारों से हमला किया। हमलावरों ने पीड़ित को गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिसके कारण अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में पहले ही सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि केरल पुलिस के अनुरोध पर एनसीबी-नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से सुजीत कुमार के खिलाफ 'रेड नोटिस' जारी किया था। इसके बाद, यूएई के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, यूएई के अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेजने के लिए सहमति दी।
अधिकारियों ने आगे बताया कि सीबीआई के सक्रिय समन्वय से, केरल पुलिस की एक टीम यूएई गई, जहां सुजीत कुमार को सौंपा गया। यह टीम 25 नवंबर को सुजीत कुमार के साथ कोचीन पहुंची।
केंद्रीय एजेंसी ने बताया कि भारत में इंटरपोल के 'नेशनल सेंट्रल ब्यूरो' के रूप में सीबीआई अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 'भारतपोल' के जरिए देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। 2019 से अब तक, इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है, जिनमें 2026 में वापस लाए गए 76 भगोड़े भी शामिल हैं।
