सुखनई नदी में जल तर्पण के दौरान बड़ा हादसा, पांच लोगों की डूबने से मौत
दर्दनाक हादसा मऊरानीपुर में
झांसी- मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के देवरी सिंह पुरा में मंगलवार को सुखनई नदी में जल तर्पण के दौरान एक गंभीर हादसा हुआ। इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल पांच लोगों की जान चली गई, जिनमें एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल छा गया और नदी के किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरी सिंह पुरा के निवासी अनूप तिवारी अपने चाचा काशी प्रसाद तिवारी के श्राद्ध कार्यक्रम के तहत मंगलवार को लगभग 11:30 बजे सुखनई नदी में जल तर्पण करने पहुंचे थे। उनके साथ उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, परिवार के अन्य सदस्य अभिनव तिवारी (25), श्रेयांश तिवारी (21) और जालौन के निवासी पुष्कर शुक्ला (23) भी थे।
बचाने के प्रयास में चार और डूब गए
जल तर्पण के दौरान अचानक अनूप तिवारी का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में गिर गए। उन्हें डूबता देख अर्पित और अन्य चार युवक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। इस दौरान सभी का संतुलन बिगड़ गया और वे तेज धारा में बहकर डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। मऊरानीपुर के एसडीएम, सीओ और पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद सभी पांचों को नदी से बाहर निकाला गया और मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पांच शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
मृतकों की पहचान अनूप तिवारी, उनके बेटे अर्पित, अभिनव तिवारी, श्रेयांश तिवारी और पुष्कर शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद देवरी सिंह पुरा और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
