सैफ अली खान को मिली धमकी, जांच में जीशान अख्तर का नाम सामने आया
सैफ अली खान को मिली धमकी
मुंबई: बॉलीवुड के सितारों को मिल रही धमकियों का सिलसिला जारी है। हाल ही में अभिनेता सैफ अली खान को भी धमकी मिलने की सूचना मिली है।
जानकारी के अनुसार, इस बार धमकी देने वाले के रूप में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। मुंबई पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने दी है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का उपयोग किया है।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी की प्रामाणिकता और उससे संबंधित डिजिटल सबूतों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, सैफ अली खान की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इससे पहले भी कई बॉलीवुड कलाकारों को धमकी भरे संदेश और ऑडियो क्लिप प्राप्त हो चुके हैं। हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी इसी तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा था।
इन मामलों की जांच के दौरान, मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ने का दावा करते हुए कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। हालांकि, प्रारंभिक जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने के कोई सबूत नहीं मिले।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वैभव मिश्रा एक आईटी इंजीनियर है। पुलिस को संदेह है कि उसने धमकी देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग किया था। उसने ऑनलाइन खोज के माध्यम से कलाकारों के संपर्क नंबर प्राप्त किए और उन्हें धमकी भरे संदेश भेजे।
तुषार कपूर को भेजे गए एक ऑडियो संदेश में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की गई थी। संदेश भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था, लेकिन पुलिस की वॉयस सैंपल जांच में यह आवाज हैरी बॉक्सर से मेल नहीं खाई।
