सोनिया गांधी का खुलासा: राजनीति में न आने पर राजीव गांधी होते जिंदा
सोनिया गांधी का नया इंटरव्यू
सोनिया गांधी का इंटरव्यू: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी हाल ही में अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के कारण चर्चा में हैं। इस पुस्तक में उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन, परिवार, प्रेम और भारत में बिताए गए छह दशकों के अनुभवों को साझा किया है। इस पर सत्ता और विपक्ष के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। एक इंटरव्यू में सोनिया ने कहा कि यदि उनके पति राजीव गांधी राजनीति में नहीं आते, तो वे आज जीवित होते और उनका परिवार एक सामान्य जीवन जी रहा होता।
दैनिक भास्कर को दिए गए इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने बेबाकी से सवालों का जवाब दिया। जब उनसे पूछा गया कि यदि संजय गांधी की मृत्यु नहीं होती, तो क्या गांधी परिवार और देश की राजनीति अलग होती? इस पर सोनिया ने कहा, “बिल्कुल, हां। शायद मेरे पति भी आज एक सामान्य जीवन जी रहे होते, शायद वे अभी भी जीवित होते।” संजय गांधी की मृत्यु के बाद परिवार में मतभेदों पर उन्होंने कहा, “संजय जी की मृत्यु से पहले, उनकी मेनका से शादी के कुछ महीनों बाद ही परिवार का माहौल बदलने लगा था। पहले दोनों भाई काफी समय साथ बिताते थे। हम जहां भी जाते, तीनों साथ होते थे। शादी के बाद संजय जी परिवार से कुछ दूर हो गए। उनकी मृत्यु के बाद घर का माहौल और बिगड़ गया।”
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने आगे कहा, “मेनका उस समय 23 साल की थीं। इतनी कम उम्र में पति को खोने का सदमा कठिन था। उनकी मां चाहती थीं कि वे सीधे राजनीति में आएं, जबकि इंदिरा जी मानती थीं कि उन्हें अपने छोटे बेटे वरुण पर ध्यान देना चाहिए। विचारों का यही टकराव दरार की वजह बना, जिसके असर शायद आज तक हैं।” जब इंटरव्यू में सोनिया से पूछा गया कि क्या आपने कभी राजीव गांधी के राजनीति में आने का विरोध किया था? उन्होंने कहा- संजय जी के निधन के बाद मैंने राजीव को राजनीति में आने से रोकने की हर संभव कोशिश की। लेकिन धीरे-धीरे यह स्पष्ट हो गया कि उनके लिए इससे दूर रहना संभव नहीं था। मैं उनकी दुविधा समझ सकती थी।
भगवद् गीता का सहारा
राजीव गांधी की हत्या के बाद राजनीति में आने के अपने फैसले पर सोनिया गांधी ने कहा, “राजीव जी की हत्या के बाद मैं राजनीति से और दूर हो गई। मैं सामान्य जीवन जीना चाहती थी और बच्चों को सार्वजनिक जीवन की कठिनाइयों से बचाना प्राथमिकता थी। उस त्रासदी से उबरने में मुझे काफी समय लगा। लेकिन वर्षों बाद पार्टी की स्थिति देखकर महसूस हुआ कि जिस विचार और उद्देश्य के लिए मेरे परिवार ने अपनी जान तक कुर्बान की, वह कमजोर पड़ता जा रहा था।” उन्होंने कहा, “इस दुविधा से निकलने के लिए मैंने भगवद् गीता का सहारा लिया। गीता ने मुझे सिखाया कि इंसान को परिणाम की चिंता किए बिना अपना धर्म और कर्तव्य निभाना चाहिए। इस विचार ने मेरा डर कम किया, मन को स्पष्टता दी और राजनीति में आने का साहस दिया।”
