हरकमलप्रीत सिंह खख ने जालंधर में एसएसपी का पदभार संभाला
पंजाब में पुलिस अधिकारियों के तबादले
जालंधर: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। हाल ही में जारी आदेशों के अनुसार, हरकमलप्रीत सिंह खख को जालंधर देहात का एसएसपी नियुक्त किया गया है। उन्हें मलेरकोटला के एसएसपी पद से स्थानांतरित कर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आज उन्होंने हरविंदर सिंह विर्क की जगह एसएसपी का चार्ज संभाला, जहां पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभिन्न थानों के एसएचओ और डीएसपी रैंक के अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यभार ग्रहण करते समय पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
हरकमलप्रीत सिंह खख सितंबर 2026 से मलेरकोटला के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) के रूप में कार्यरत थे। उल्लेखनीय है कि वे पहले भी देहात में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बटाला, पठानकोट, और मालेरकोटला जैसे महत्वपूर्ण जिलों में एसएसपी के रूप में कार्य करते हुए, उन्होंने अपने कार्य करने के तरीके में निरंतरता बनाए रखी है। चाहे उनकी तैनाती का स्थान बदला हो, लेकिन उनकी प्राथमिकता हमेशा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अपराधियों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी रही है।
कार्यभार संभालने के बाद, एसएसपी खख ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव का अपराध के प्रति दृष्टिकोण स्पष्ट है, जो ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अपराध सभ्य समाज के लिए एक गंभीर समस्या है। इसे समाप्त करने के लिए पुलिस को जनता का सहयोग आवश्यक है। एसएसपी खख ने जनता से अपील की है कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें और एक अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।
