हरदोई में पति ने पत्नी को गोली मारी, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
हरदोई में हुई घटना
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में सोमवार की सुबह एक पति ने अपनी पत्नी साधना को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने के बाद साधना लहूलुहान होकर गिर गई। घटना के बाद आरोपी पति ने घर में हंगामा किया और परिजनों को धमकाया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में साधना को हरदोई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां से उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
सूत्रों के अनुसार, साधना और गंभीर की शादी लगभग 15 साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं - काजल (11), रौनक (7) और रुही (4)। दोनों पति-पत्नी अपने बच्चों के साथ अलग रहते थे। सोमवार सुबह परिवार के लोग सो रहे थे, तभी साधना की चीखने की आवाज सुनाई दी। जब परिजन दौड़े, तो साधना घायल अवस्था में पाई गई। आरोप है कि गंभीर ने गोली चलाने के बाद परिजनों से गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। ननद रीना ने बताया कि आरोपी ने कहा, "सामने से हट जाओ, वरना तुम्हें भी मार देंगे।"
आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश
परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। साधना के ससुर राजकुमार, सास सीमा और ननद रीना उसे एंबुलेंस से अस्पताल लेकर गए। फिलहाल, गोली चलाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। साधना का मायका सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी गंभीर की तलाश जारी है।
