हरियाणा में ठंड का कहर: 7 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट
बर्फीली हवाओं से तापमान में गिरावट
(चंडीगढ़): हरियाणा में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में गिरावट जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में अगले 24 घंटों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में यह अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल शामिल हैं।
हिसार में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री
शीतलहर के प्रभाव से हिसार में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और भी नीचे जा सकता है। पशु चिकित्सकों ने सलाह दी है कि पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधना और पास में अलाव जलाना चाहिए।
अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम
हरियाणा में 1 दिसंबर को अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे सुबह और शाम की ठंडक बनी रही।
फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री
प्रदेश में हिसार और भिवानी में अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.4 डिग्री कम है। वहीं, फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।
5 दिसंबर तक मौसम रहेगा खुश्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम 5 दिसंबर तक सामान्यतः खुश्क रहने की संभावना है। 1 दिसंबर से रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। वातावरण में नमी के कारण उत्तर और पश्चिमी हरियाणा में सुबह हल्की धुंध और दक्षिणी हरियाणा में हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने की संभावना है।
