हरियाणा सरकार का बड़ा कदम: 50 लाख लाभार्थियों को मिलेगी 1,500 करोड़ रुपये की सहायता
हरियाणा में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ
हरियाणा समाचार: हरियाणा सरकार सोमवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दयालु, लाडो लक्ष्मी, हर घर-हर गृहिणी और आवास योजना के लाभार्थियों के लिए अगली किस्त जारी करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 10 बजे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन, मानदेय और सहायता राशि डालेंगे।
50 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री द्वारा 50 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी। इसमें ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की 10वीं किस्त भी शामिल है, जिसके तहत अब तक लगभग 10 लाख बहन-बेटियों के खातों में 1832 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भी होगा वितरण
इसके अतिरिक्त, 15 विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के खातों में 1121 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं शामिल हैं। साथ ही, गैस सिलिंडर रिफिल करने वाली पांच लाख से अधिक महिलाओं के खातों में भी सब्सिडी राशि डाली जाएगी।
