हरियाणा से बिहार के लिए नई बस सेवाएं, यात्रियों को मिलेगी राहत
हरियाणा से बिहार के लिए बसों का संचालन
हरियाणा समाचार: हरियाणा से बिहार के विभिन्न जिलों में यात्रा करने वाले लोगों को अब ट्रेन टिकटों की समस्या से राहत मिलने वाली है। हरियाणा सरकार बिहार के लिए बस सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है। इस नए परिवहन समझौते में 12 अंतरराज्यीय बस मार्गों का प्रस्ताव है, जो गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला को पटना, गया, पूर्णिया और मधुबनी से जोड़ेंगे। सबसे लंबा मार्ग अंबाला से पूर्णिया तक 1470 किलोमीटर का होगा, जबकि गुरुग्राम से पटना की दूरी 1044 किलोमीटर निर्धारित की गई है.
सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन
हरियाणा सरकार ने इस संबंध में समझौते का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें 30 दिनों के भीतर आपत्तियों और सुझावों की मांग की गई है। इसका मतलब है कि बसों के संचालन की तारीख अभी तय नहीं हुई है। सुझावों पर विचार करने के बाद ही समझौते का अंतिम प्रकाशन होगा। यह मसौदा बसों के रूट के अलावा परमिट की शर्तें, किराया निर्धारण, वाहनों की उम्र, टैक्स वसूली, प्रदूषण मानकों और यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों को भी शामिल करता है।
हरियाणा के तीन शहरों से बसें चलेंगी
इस प्रस्तावित समझौते में पटना और पूर्णिया के लिए हरियाणा के तीन शहरों से बस मार्ग निर्धारित किए गए हैं। गया के लिए गुरुग्राम से दो अलग-अलग मार्ग और अंबाला से एक मार्ग प्रस्तावित है। मधुबनी के लिए भी गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला से एक-एक मार्ग तय किया गया है.
बसों के मार्ग
- गुरुग्राम से पटना का 1044 किलोमीटर का मार्ग सोहना, पलवल, अलीगढ़, लखनऊ, आलमबाग, आजमगढ़, बक्सर और आरा से होकर गुजरेगा।
- पानीपत से पटना का प्रस्तावित मार्ग 1069 किलोमीटर का है, जो दिल्ली, नोएडा, आजमगढ़, बक्सर और आरा से होकर जाएगा।
- अंबाला से पटना की दूरी 1274 किलोमीटर है, जिसमें करनाल, मेरठ, बुलंदशहर, एटा, लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर और गोपालगंज शामिल हैं।
पूर्णिया के लिए गुरुग्राम से 1267 किलोमीटर, पानीपत से 1361 किलोमीटर और अंबाला से 1470 किलोमीटर का मार्ग प्रस्तावित है। इन मार्गों में लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे शहर शामिल हैं। गया के लिए गुरुग्राम से 1081 और 1099 किलोमीटर के दो मार्ग रखे गए हैं।
