ह्यूस्टन में फ्राइड चिकन में मिला कंडोम, कपल ने दायर किया 12.5 करोड़ का मुकदमा
खौफनाक अनुभव: एक कपल की कहानी
ह्यूस्टन: वीकेंड पर अपने पसंदीदा फास्ट-फूड रेस्टोरेंट से फ्राइड चिकन का आनंद लेना किसे पसंद नहीं? लेकिन सोचिए, अगर आपके चिकन में से कुछ बेहद घिनौना निकल आए, तो क्या होगा! अमेरिका के ह्यूस्टन से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कपल का स्वादिष्ट भोजन उनके लिए एक बुरे सपने में बदल गया। इस घटना के बाद मशहूर फास्ट-फूड चेन पोपेय्स के खिलाफ 12.5 करोड़ रुपये के हर्जाने का मुकदमा दायर किया गया है, जिसने खाद्य सुरक्षा के दावों को सवालों के घेरे में ला दिया है।
एक बाइट में सब कुछ बदल गया
यह घटना 25 जुलाई को हुई, जब जस्टिन हॉवर्ड और डेनियल मैककिनन नामक कपल ने साउथ सैम ह्यूस्टन पार्कवे वेस्ट स्थित पोपेय्स के एक आउटलेट से फ्राइड चिकन का ऑर्डर किया। जस्टिन के अनुसार, जैसे ही उन्होंने चिकन का एक टुकड़ा काटा, उनकी आंखें फटी रह गईं। चिकन के अंदर उन्हें एक वस्तु दिखाई दी, जो बिल्कुल कंडोम जैसी लग रही थी। कोर्ट में दायर याचिका के अनुसार, इस दृश्य को देखकर कपल ने तुरंत खाना छोड़ दिया और उन्हें उल्टी महसूस होने लगी। उन्हें डर था कि कहीं उन्होंने दूषित खाना तो नहीं खा लिया। उस समय उनके पास यह जानने का कोई तरीका नहीं था कि वह वस्तु वास्तव में क्या थी।
शिकायत पर कर्मचारियों की बेशर्मी
इस लापरवाही के बाद कपल ने न्याय की उम्मीद में फिर से उसी पोपेय्स रेस्टोरेंट में शिकायत की। 3 अगस्त को हैरिस काउंटी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दायर मुकदमे में यह दावा किया गया है कि रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने उनकी गंभीर शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और उनका मजाक उड़ाया। कर्मचारियों ने मामले की जांच करने के बजाय उन्हें बार-बार नया चिकन देने की कोशिश की। काफी बहस के बाद उन्हें रिफंड दिया गया। अब कपल ने पोपेय्स की पैरेंट कंपनी 'रेस्टोरेंट ब्रांड्स इंटरनेशनल', 'पोपेय्स लुइसियाना किचन' और फ्रेंचाइजी संचालक 'आमाना बिजनेसेज' के खिलाफ लापरवाही और खाद्य सुरक्षा कानूनों के उल्लंघन का मुकदमा दायर किया है।
एक्टिविस्ट्स की मांग: चिकन की बिक्री पर रोक
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद, ह्यूस्टन के कुछ कम्युनिटी एक्टिविस्ट्स भी कपल के समर्थन में आए हैं। कैंडिस मैथ्यूज और क्वानेल एक्स जैसे प्रमुख एक्टिविस्ट्स ने आउटलेट के प्रबंधन से मुलाकात की। उन्होंने इस लापरवाही की निष्पक्ष जांच की मांग की और प्रशासन को चेतावनी दी कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक उस आउटलेट पर चिकन की बिक्री पर रोक लगाई जाए। इस घटना ने अमेरिका में फास्ट-फूड चेन की हाइजीन पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।
