Microsoft की सेवाएं बहाल, 74 देशों में व्यापार पर पड़ा असर
Microsoft Service Restore:
माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक और क्लाउड सेवाओं में आई समस्या को हल कर लिया गया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि अधिकांश क्षेत्रों में सेवाएं पुनर्स्थापित हो चुकी हैं। पिछले 20 घंटों से माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई रुकावट के कारण 74 देशों में लाखों व्यवसाय प्रभावित हुए हैं, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
माइक्रोसॉफ्ट ने दी जानकारी
माइक्रोसॉफ्ट ने X प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा की है कि प्रभावित क्षेत्रों में सुधार की प्रक्रिया जारी है। उत्तरी अमेरिका, यूरोप और एशिया-प्रशांत में स्थिति में सुधार देखा जा रहा है। हालांकि, कुछ उपयोगकर्ताओं को अभी भी ई-मेल और अन्य सेवाओं तक पहुंच में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि ई-मेल डिलीवरी में रुकावट अभी भी जारी है। Microsoft 365 Admin सेंटर के लिए MO1550821 अपडेट भी जारी किया गया है।
कम्युनिकेशन में बाधा
माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड में आई समस्या के कारण कई देशों में संचार की श्रृंखला टूट गई है। इन देशों में अधिकांश व्यवसाय माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवाओं का उपयोग करते हैं। Office 365 में आई समस्या के कारण ई-मेल संचार पूरी तरह से ठप हो गया था, जिससे विशेष रूप से फिनटेक कंपनियों पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है।
व्यापार पर प्रभाव
इंटरनेट सेवा ट्रैकर Downdetector के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई समस्या का असर 74 देशों पर पड़ा है, जिनमें भारत, अन्य एशियाई देश, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, उत्तरी अमेरिका और यूरोप के कुछ देश शामिल हैं। इन देशों में उपयोगकर्ता माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं का उपयोग नहीं कर पा रहे थे।
आर्थिक नुकसान
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में रुकावट के कारण 40 लाख व्यवसाय प्रभावित हुए हैं। आवश्यक संचार और टीम मीटिंग्स नहीं हो पा रही हैं, जिससे व्यापार ठप हो गया है। कॉइन पीडिया के अनुसार, इस वैश्विक आउटेज के कारण हर घंटे लगभग 1 लाख अमेरिकी डॉलर यानी 94 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।
