UPPSC ने 2025 की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया, 2297 उम्मीदवार सफल
मुख्य परीक्षा का परिणाम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में भाग लेने वाले 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है। कुल 814 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।
आयोग के सचिव गिरिजेश त्यागी ने बताया कि मुख्य परीक्षा का आयोजन 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों पर किया गया था। 814 रिक्तियों के लिए 28 प्रकार के पदों की घोषणा की गई थी। इनमें से एक पद के लिए चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा, और इसका परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ जारी किया जाएगा। शेष 812 पदों के लिए चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार दोनों के आधार पर किया जाएगा। आयोग ने इन 812 पदों के लिए 2,297 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है।
न्यायालय के निर्णय पर निर्भर परिणाम
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल रिट याचिका संख्या-4253/2026, अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम प्रदेश सरकार द्वारा दाखिल विशेष अपील संख्या-475 (डी)/2019 में हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
अंतिम परिणाम के बाद अंक और कट ऑफ की जानकारी
गिरिजेश त्यागी ने कहा कि परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कट ऑफ अंक की जानकारी अंतिम चयन परिणाम के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
