इंडिगो फ्लाइट में तीन वर्षीय बच्चे की मेडिकल इमरजेंसी, सूरत में सुरक्षित लैंडिंग
अहमदाबाद से मुंबई जा रही उड़ान में हड़कंप
सूरत: अहमदाबाद से मुंबई की ओर उड़ान भर रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-7018) में अचानक एक तीन वर्षीय बच्चे के बेहोश होने से हड़कंप मच गया। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी की घोषणा की और विमान को सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराने का निर्णय लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे का नाम सौरभ है। उड़ान के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इस स्थिति में विमान में मौजूद दो डॉक्टर तुरंत उसकी मदद के लिए आगे आए और प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया।
हालांकि, प्रारंभिक उपचार के बावजूद बच्चे की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके चलते पायलट ने बिना समय गंवाए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और सूरत एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।
मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही सूरत एयरपोर्ट प्रशासन सक्रिय हो गया। विमान के उतरने से पहले ही सीआईएसएफ, एयरपोर्ट की मेडिकल टीम और इंडिगो का ग्राउंड स्टाफ रनवे पर पूरी तैयारी के साथ मौजूद था। विमान के सुरक्षित लैंडिंग के बाद डॉक्टरों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया, और उसे एम्बुलेंस के माध्यम से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, बच्चे का इलाज जारी है।
