इंडिगो फ्लाइट में धुआं निकलने पर पायलट ने की इमरजेंसी लैंडिंग
राजकोट में इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
राजकोट: दुबई से मुंबई की ओर उड़ान भर रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में सोमवार को अचानक धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। पायलट ने अपनी चतुराई और तत्परता का परिचय देते हुए विमान को गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। पायलट के समय पर लिए गए निर्णय से सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
कार्गो एरिया में धुआं देखकर एटीसी से संपर्क
राजकोट एयरपोर्ट के निदेशक दिगंत बोराह ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इंडिगो का यह विमान दुबई से मुंबई की उड़ान पर था। पायलट ने विमान के कार्गो होल्ड एरिया से धुआं निकलते देखा और तुरंत राजकोट एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया। इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद, विमान को सुरक्षित रूप से राजकोट एयरपोर्ट पर उतारा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और तकनीकी टीम धुएं के कारणों की जांच कर रही है।
मोहाली एयरपोर्ट पर भी हुआ था पावर बैंक का ब्लास्ट
इंडिगो की फ्लाइट में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। इसी साल 5 मई को पंजाब के मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी एक बड़ा हादसा होते-होते बचा था। लैंडिंग के तुरंत बाद एक यात्री के पावर बैंक में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे पूरे केबिन में धुआं फैल गया। उस समय भी केबिन क्रू की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और 198 यात्रियों व छह क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
