Newzfatafatlogo

इमरान खान से अदियाला जेल में वकीलों की मुलाकात, अदालती मामलों पर चर्चा

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वकीलों ने अदियाला जेल में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की। इस मुलाकात का उद्देश्य अदालती मामलों पर चर्चा करना था, खासकर 19 करोड़ पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में। वकीलों ने अदालत के आदेश के अनुसार खान से चार घंटे तक चर्चा की। जानें इस मुलाकात के पीछे की पूरी कहानी और इमरान खान की वर्तमान स्थिति के बारे में।
 | 

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की अदियाला जेल में मुलाकात

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वकीलों ने बुधवार को अदियाला जेल में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की, जहां उन्होंने विभिन्न अदालती मामलों पर चर्चा की। यह मुलाकात इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) द्वारा अधिकारियों को निर्देश देने के एक दिन बाद हुई। पीटीआई के संस्थापक इमरान खान (74) वर्ष 2023 से जेल में हैं।


उन पर भ्रष्टाचार और हिंसा भड़काने से संबंधित 100 से अधिक मामले चल रहे हैं। उनकी पत्नी, बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उन्हें सजा सुनाई गई थी। अल-कादिर ट्रस्ट मामले में अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई करते हुए, आईएससी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खान और उनकी कानूनी टीम के बीच मुलाकात की व्यवस्था करें।


वकीलों ने तर्क दिया कि 19 करोड़ पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में चल रही सुनवाई में वे अपने मुवक्किलों से मिले बिना आगे की बहस नहीं कर सकते। एक अंग्रेजी समाचार पत्र के अनुसार, पीटीआई के वकील अवैस यूनुस चौधरी ने बताया कि वकील सलमान सफदर और लतीफ खोसा ने अदियाला जेल में खान से मुलाकात की। चौधरी ने कहा, 'अदालत के आदेश के अनुसार, विचाराधीन मामलों पर चर्चा करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई।'


उन्होंने बताया कि वकील चार घंटे तक जेल में रहे और मीडिया से बात किए बिना चले गए। चौधरी ने कहा, 'चूंकि उनके मोबाइल फोन बंद हैं, इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि उन्हें इमरान से एक साथ मिलने की अनुमति थी या अलग-अलग, और वे कितनी देर तक मिल पाए।' यह बैठक खान को उनकी आंखों की समस्या के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाने के कुछ घंटों बाद हुई।