उत्तर प्रदेश में UPTET-2026 के लिए शिक्षकों को मिलेगा विशेष अवकाश
UPTET-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों के लिए राहत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 में भाग लेने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यरत शिक्षकों को विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देश जारी किए हैं।
जारी किए गए आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली यूपीटीईटी-2026 परीक्षा में बड़ी संख्या में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक भाग लेंगे। इसको ध्यान में रखते हुए, शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद परीक्षा तिथियों के लिए शिक्षकों को विशेष अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
शासन ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देश दिया है कि आदेश का पालन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई तुरंत की जाए। इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज और सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेजी गई है।

