कनाडा में गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी पर 2.5 लाख डॉलर का इनाम
गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी की तलाश
विन्निपेग, कनाडा में 2023 में एक प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्य की हत्या के मामले में पुलिस ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ‘सीबीसी न्यूज’ ने बताया कि 32 वर्षीय बराड़ हत्या और हत्या की साजिश के आरोपों में वांछित है।
पुलिस ने कहा है कि बराड़ पर कनाडा में विभिन्न अपराधों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेह है। इसके अलावा, एक निजी गैर-लाभकारी संगठन ‘बीओएलओ प्रोग्राम’ ने बृहस्पतिवार को जारी की गई देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में बराड़ को पहले स्थान पर रखा है। कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले को 2,50,000 कनाडाई डॉलर तक का इनाम देने की पेशकश की गई है।
‘सीबीसी न्यूज’ के अनुसार, विन्निपेग पुलिस 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में बराड़ की तलाश कर रही है। गिल का शव 20 सितंबर 2023 को विन्निपेग के एक मकान में मिला था। पुलिस को गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचना पड़ा था।
रिपोर्ट के अनुसार, गिल की भारत में प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के साथ पुरानी दुश्मनी थी। उस पर जबरन वसूली और भारत में गिरोह के सदस्यों को पैसे भेजने का आरोप भी था। पुलिस बराड़ की तलाश दो अन्य हत्या के मामलों में भी कर रही है, जिनमें 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तान अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या शामिल है।
बराड़ 2017 में छात्र वीजा पर भारत से कनाडा आया था। वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का निवासी है और बिश्नोई गिरोह का एक विश्वसनीय सदस्य माना जाता है। भारतीय अधिकारियों का मानना है कि वह बराड़-रोहित गोदारा-काला जठेड़ी गिरोह का हिस्सा है।
भारत से संचालित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ संघीय स्तर पर कई वर्षों तक चली जांच ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के दौरान बराड़ की पहचान की गई थी। अमेरिका ने लॉरेंस बिश्नोई और बराड़ पर कनाडाई नागरिक निज्जर की हत्या का आदेश देने का आरोप लगाया है। निज्जर की हत्या 18 जून, 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर की गई थी।
सितंबर में, अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने बराड़ को अपने 10 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल किया और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम देने की घोषणा की। बराड़ का नाम पंजाब में विभिन्न स्थानों पर दर्ज 52 प्राथमिकी में शामिल है। पंजाब सरकार ने भी उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
इस गैंगस्टर के खिलाफ पहले से ही इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी है। भारत ने 2024 में उसे सख्त गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत ‘आतंकवादी’ घोषित किया था। बराड़ को 2023 में कनाडा के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में भी शामिल किया गया था, जहां वह 15वें स्थान पर था। उस पर हत्या, आपराधिक साजिश, अवैध हथियारों की आपूर्ति और हत्या के प्रयास के आरोप थे।
