कनाडा में फैमिली स्पॉन्सरशिप प्रोग्राम पर रोक: माता-पिता और दादा-दादी को बुलाना होगा मुश्किल
कनाडा इमिग्रेशन अपडेट
कनाडा में निवास करने वाले भारतीयों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना आई है। कनाडा सरकार ने फैमिली स्पॉन्सरशिप प्रोग्राम के तहत माता-पिता और दादा-दादी को स्थायी रूप से बुलाने के लिए नए आवेदन पर 2026 के अंत तक रोक लगा दी है। इस योजना के माध्यम से कनाडा के नागरिक और स्थायी निवासी अपने परिवार के करीबी सदस्यों को कनाडा में बसाने के लिए स्पॉन्सर कर सकते हैं।
फैमिली रीयूनियन पॉलिसी का हिस्सा
यह कार्यक्रम परिवारों को एक साथ लाने के उद्देश्य से बनाया गया है। इसके अंतर्गत योग्य नागरिक या स्थायी निवासी अपने माता-पिता और दादा-दादी को कनाडा में स्थायी निवास दिलाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, बढ़ते बैकलॉग और लंबित मामलों के कारण सरकार ने नए आवेदन लेने के बजाय पहले से मौजूद मामलों को निपटाने पर ध्यान केंद्रित करने का निर्णय लिया है।
कनाडा में पंजाबी समुदाय
कनाडा में लगभग 9.5 से 10 लाख पंजाबी मूल के लोग निवास करते हैं, जो देश की कुल जनसंख्या का लगभग 2.6% हैं। हर साल हजारों पंजाबी कनाडा पहुंचते हैं और बाद में स्थायी निवासी बन जाते हैं। इसके बाद वे अपने परिवार को स्पॉन्सर करके कनाडा बुला सकते हैं। हालांकि, इस नीति का लाभ उठाने के लिए कई लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
पेंडिंग मामलों का निपटान
कनाडा के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने बताया है कि 2026 में माता-पिता और दादा-दादी के लिए नई फैमिली स्पॉन्सरशिप एप्लीकेशन स्वीकार नहीं की जाएंगी। इसका मतलब है कि स्थायी निवासी और योग्य नागरिक इस वर्ष अपने माता-पिता या दादा-दादी को स्थायी रूप से बुलाने के लिए नया आवेदन नहीं कर पाएंगे। यह कदम इमिग्रेशन सिस्टम को बेहतर प्रबंधित करने और पहले से लंबित आवेदनों को तेजी से पूरा करने के लिए उठाया गया है।
60 हजार से अधिक आवेदन लंबित
कनाडा के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट के अनुसार, वर्तमान में माता-पिता और दादा-दादी स्पॉन्सरशिप प्रोग्राम के तहत लगभग 60,500 आवेदन प्रक्रिया में हैं। इन मामलों को पूरा करने में काफी समय लग रहा है। क्यूबेक प्रांत में आवेदकों को औसतन लगभग साढ़े पांच साल तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि अन्य प्रांतों में प्रतीक्षा अवधि लगभग 3 साल तक पहुंच रही है।
पुराने आवेदकों को मिलेगा मौका
कनाडा सरकार ने बताया है कि 2026 में केवल पहले से मौजूद आवेदनों में से सीमित संख्या में लोगों को ही आगे की प्रक्रिया के लिए आमंत्रित किया जाएगा। लगभग 15,000 पुराने आवेदकों को आवेदन आगे बढ़ाने का अवसर दिया जाएगा। इस योजना में पहले भी आवेदन संख्या को नियंत्रित करने के लिए लॉटरी सिस्टम का उपयोग किया गया था।
सुपर वीजा एक विकल्प
जो लोग अपने माता-पिता या दादा-दादी को कनाडा में लंबे समय तक रखना चाहते हैं, उनके लिए सरकार ने सुपर वीजा को एक विकल्प बताया है। इस वीजा के माध्यम से पात्र माता-पिता और दादा-दादी कनाडा में लंबे समय तक रह सकते हैं। हालांकि, यह स्थायी निवास नहीं देता, लेकिन यह परिवारों को लंबे समय तक एक साथ रहने का अवसर प्रदान करता है।
