करीना कपूर खान को पेंडेंट पहनने पर विवाद का सामना
करीना कपूर का विवादास्पद पेंडेंट
मुंबई: अभिनेत्री करीना कपूर खान एक बार फिर विवादों में फंस गई हैं। दीपावली के अवसर पर उन्होंने एक 200 साल पुराना बेशकीमती पेंडेंट पहना, जिसमें 30 कैरेट का पन्ना जड़ा हुआ है और उस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजकर मुस्लिम समुदाय से माफी मांगने की मांग की है।
अब्बास हफीज का कहना है कि धार्मिक आभूषण को फैशन एक्सेसरी के रूप में पहनना मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस पेंडेंट की तस्वीरें और वीडियो हटाने की मांग की है और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का आग्रह किया है।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "हमें इस बात पर आपत्ति है कि भोपाल की बेगम का पेंडेंट इस्लामिक धरोहर से जुड़ा हुआ है। इस पर कुरान की आयतें लिखी हैं, जिसे 'आयत-उल-कुर्सी' कहा जाता है। हमारे लिए यह बहुत पवित्र है और हम इसे बिना वुजू (पवित्रता) के नहीं छूते।"
अब्बास ने स्पष्ट किया कि उन्हें करीना के पहनावे से कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा, "हमें किसी के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन हमें इस बात से आपत्ति है कि करीना कपूर खान दीपावली पर इस पेंडेंट को पहनकर दिखा रही हैं। यह भोपाल का ऐतिहासिक पेंडेंट है, जो इस्लामिक धरोहर से जुड़ा है। इसे फैशन शो के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "करीना ने अपने लुक में कलगी लगाई है, जिस पर हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पेंडेंट पर कुरान की आयत है। इसे पहनना उचित नहीं है। भोपाल की बेगम पर्दे में रहती थीं और यह पेंडेंट आस्था के लिए बनाया गया था।"
हालांकि, करीना कपूर खान या उनकी टीम की ओर से इस नोटिस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। अब देखना होगा कि अभिनेत्री या उनकी टीम की तरफ से क्या बयान आता है।
