काशी में देव दीपावली: आसमान में 2100 ड्रोन का भव्य शो
काशी की देव दीपावली का अद्भुत आयोजन
काशी में देव दीपावली: इस वर्ष काशी की देव दीपावली में आस्था और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गंगा के घाटों पर पहली बार लाखों दीपों के बीच 2,100 स्वदेशी ड्रोन भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। यह हाई-टेक शो लगभग 15 मिनट तक चलेगा, जिसमें संगीत और आवाज का समन्वय देव दीपावली के पौराणिक वैभव को जीवंत करेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने 24 नवंबर को होने वाले इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की तैयारी की है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को जानकारी दी कि 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी के राजघाट से नमो घाट तक लाखों दीपों की रोशनी में देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। इस बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में पौराणिक दृश्यों को जीवंत करेंगे। इस प्रस्तुति में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन शामिल होंगे, जो थ्री-डी एनिमेशन के माध्यम से तैयार की गई आकृतियों के साथ संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के समन्वय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। मुख्य आयोजन 24 नवंबर को होगा।
‘शिव तांडव’, ‘मां विशालाक्षी’, ‘बाबा कालभैरव’ की आकृतियां
जयवीर सिंह ने बताया कि ड्रोन शो की थीम 'देव दीपावली' होगी, जिसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य काशी के आसमान में प्रदर्शित होंगे। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेंगी। इस प्रस्तुति के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक विरासत और उत्तर प्रदेश सरकार तथा पर्यटन विभाग के लोगो को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
आस्था और परंपरा का अनुपम पर्व
‘देवताओं की दीपावली’ के नाम से प्रसिद्ध यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा को वाराणसी में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पिछले वर्षों में वाराणसी की देव दीपावली को भव्य स्वरूप दिया गया है। दीपावली के 15 दिन बाद आने वाले इस उत्सव का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मां गंगा के सम्मान में होने वाला दीपदान आस्था का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर आकर मां गंगा में स्नान करते हैं। इसी विश्वास के चलते इसे देवताओं का प्रकाश पर्व भी कहा जाता है।
