किसानों का 7 दिन का आंदोलन समाप्त, सरकार ने दिया लिखित आश्वासन
नई दिल्ली में किसानों का मोर्चा खत्म
पंजाब के किसानों का चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर पिछले सात दिनों से चल रहा आंदोलन अब समाप्त हो गया है। सोमवार को किसानों ने अपने घरों की ओर लौटना शुरू कर दिया, जिससे मोहाली के निवासियों को राहत मिली है। पिछले हफ्ते से चल रहे इस आंदोलन के कारण सड़कें बंद थीं, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
किसानों की मांगों पर बनी सहमति
किसानों ने 1 सितंबर को चंडीगढ़ बॉर्डर पर अपनी मांगों को लेकर मोर्चा शुरू किया था, जिसमें पंजाब की 32 किसान जत्थेबंदियां शामिल थीं। हाल के दिनों में बड़ी संख्या में किसान यहां एकत्रित हुए थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
किसानों और पंजाब सरकार के बीच एक सप्ताह की बातचीत के बाद सहमति बनी। सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद किसान नेताओं ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने किसानों से बातचीत के बाद यह आश्वासन दिया कि सरकार एक महीने के भीतर विशेष विधानसभा सत्र बुलाएगी, जिसमें किसानों की कर्ज माफी के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम का प्रस्ताव रखा जाएगा।
स्थानीय निवासियों को मिली राहत
किसानों के हटने के बाद चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर यातायात सामान्य हो जाएगा। पिछले एक सप्ताह से सड़कें बंद होने के कारण स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था, विशेषकर उन कर्मचारियों को जो रोजाना यात्रा करते थे। उन्हें वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ रहा था।
