कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रवक्ता विजेता दहिया को हटाया, विवादित वीडियो के बाद लिया गया निर्णय
प्रवक्ता का हटाया जाना
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को उनके पद से हटा दिया है। यह निर्णय तब लिया गया जब उनके असंवेदनशील आचरण के कुछ वीडियो सामने आए।
पार्टी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग के दौरान विजेता दहिया के कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें उनका व्यवहार पार्टी के मूल सिद्धांतों के अनुरूप नहीं था।
बयान में कहा गया, "हम विजेता दहिया की असंवेदनशील हरकतों की कड़ी निंदा करते हैं। जब शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और हमारी टीम पुलिस की हिंसा का सामना कर रही थी, उनका व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य था। यह गंभीर निर्णयहीनता को दर्शाता है और हमारे आंदोलन के मूल सिद्धांतों के विपरीत है।"
पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विजेता दहिया को तुरंत प्रभाव से प्रवक्ता पद से हटा दिया है। इसके साथ ही उन्हें पार्टी की सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से भी मुक्त कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि 20 जुलाई को जब बड़ी संख्या में छात्र संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, तब लाठीचार्ज भी किया गया। इस दौरान विजेता दहिया का बर्गर खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हालांकि, दहिया का कहना है कि वह प्रदर्शन खत्म होने के बाद घर गए थे और भूख लगने पर बर्गर खा लिया था। उन्होंने कहा कि इस पर विवाद करने वाले वे लोग हैं जो इस मार्च में शामिल नहीं हुए।
सीजेपी ने यह भी कहा कि 21 जुलाई को जंतर-मंतर और उसके आस-पास भारी भीड़ इकट्ठा हुई है। धर्मेंद्र प्रधान को जाना होगा। हम मौके पर मौजूद हैं और अपने प्रदर्शनकारियों को कानूनी और मेडिकल सहायता प्रदान कर रहे हैं। हम निश्चित रूप से जीतेंगे।
