कोलकाता एयरपोर्ट पर बिजली गिरने से बची इंडिगो फ्लाइट, 141 यात्री सुरक्षित
कोलकाता में बड़ा हादसा टला
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बच गया। यहां के एयरपोर्ट पर बारिश और तेज तूफान के बीच एक इंडिगो फ्लाइट पर बिजली गिरी। हालांकि, सभी 141 यात्री सुरक्षित हैं और कोई भी घायल नहीं हुआ। कोलकाता और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही भारी बारिश और आंधी चल रही थी, जिससे कई जगह जलभराव हो गया और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।
अगरतला के लिए उड़ान भरने वाला था विमान
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के एक अधिकारी ने बताया कि यह विमान कोलकाता से त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के लिए उड़ान भरने वाला था। इसी दौरान बिजली गिरने की घटना हुई। सभी यात्रियों को सुरक्षा कारणों से विमान से उतार दिया गया और उनकी जांच के बाद अन्य विमान की व्यवस्था की गई।
मौसम को लेकर जारी किया गया अलर्ट
रिपोर्टों के अनुसार, बारिश और तूफान की आशंका के चलते एयरपोर्ट ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर ने अलर्ट जारी किया था। अधिकारियों ने बताया कि सुबह लगभग 9:30 बजे विमान पर बिजली गिरी, जिससे विमान का पावर सिस्टम प्रभावित हुआ और अचानक पावर बंद हो गया।
क्रू के छह सदस्य भी थे सवार
इस विमान में 141 यात्रियों के अलावा क्रू के छह सदस्य भी सवार थे। यात्रियों को एहतियात के तौर पर विमान से उतारने के बाद, उन्हें दोपहर करीब 12:50 बजे अन्य विमान से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इंडिगो ने बताया कि इस घटना में दो ग्राउंड स्टाफ भी मामूली रूप से प्रभावित हुए, लेकिन उन्हें मेडिकल जांच के बाद छुट्टी दे दी गई।
