क्या आपके पालतू जानवर को बर्ड फ्लू का खतरा है?
पालतू जानवरों में बर्ड फ्लू का खतरा
(सैली कॉगिन्स, सिडनी विश्वविद्यालय) सिडनी, 14 सितंबर - क्या आपकी बिल्ली या कुत्ता, जो घर में आराम कर रहा है, बर्ड फ्लू से प्रभावित हो सकता है? इसका उत्तर है, हां। हालांकि ऑस्ट्रेलिया में अभी तक पालतू जानवरों में एच5 बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं मिला है, लेकिन अन्य देशों में सामने आए मामलों ने विशेषज्ञों को चिंतित कर दिया है।
बिल्लियों के लिए यह खतरा विशेष रूप से गंभीर हो सकता है। विदेशों में कुछ संक्रमित बिल्लियों की स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ ही दिनों में उनकी मृत्यु हो गई। कुत्तों में भी संक्रमण हो सकता है, लेकिन उनमें गंभीर बीमारियों के मामले कम देखे गए हैं।
पशु चिकित्सक सैली कॉगिन्स के अनुसार, पालतू जानवरों के मालिकों के लिए यह जानना आवश्यक है कि वायरस उनके घर तक कैसे पहुंच सकता है और इससे कैसे बचा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया में लगभग 77 लाख घरों में पालतू जानवर हैं, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि मालिक यह समझें कि क्या उनके पालतू जानवर अनजाने में इस वायरस के संपर्क में आ रहे हैं।
एच5 बर्ड फ्लू आपके पालतू जानवरों तक कई तरीकों से पहुंच सकता है। संक्रमित जंगली पक्षियों या अन्य जीवों के सीधे संपर्क से संक्रमण हो सकता है। इसके अलावा, संक्रमित स्थानों पर जाने से भी खतरा होता है।
संक्रमित पशु उत्पादों का सेवन करने से भी वायरस पालतू जानवरों तक पहुंच सकता है। इसके अलावा, वायरस आपके कपड़ों, जूतों या उपकरणों के माध्यम से भी घर में प्रवेश कर सकता है। पोलैंड, दक्षिण कोरिया और बेल्जियम में सामने आए मामलों ने यह स्पष्ट किया है कि बिल्लियों के लिए यह संक्रमण कितना गंभीर हो सकता है।
शुरुआत में बर्ड फ्लू और सामान्य बीमारियों के लक्षणों में अंतर करना कठिन हो सकता है। संक्रमित पालतू जानवर सुस्त हो सकते हैं, बुखार हो सकता है और वे खाना छोड़ सकते हैं। खांसी, सांस लेने में कठिनाई और आंखों या नाक से स्राव भी चेतावनी के संकेत हो सकते हैं।
हालांकि, बिल्लियों में स्थिति इससे कहीं अधिक गंभीर हो सकती है। उनमें कंपकंपी, दौरे और अचानक दृष्टिहीनता जैसे तंत्रिका संबंधी लक्षण भी हो सकते हैं। यदि आपके पालतू जानवर में ऐसे लक्षण दिखाई देते हैं और वह हाल ही में किसी जंगली पक्षी या कच्चे पशु उत्पाद के संपर्क में आया है, तो पहले पशु चिकित्सक को फोन करना बेहतर होगा।
इससे चिकित्सक संक्रमण के संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए जांच और उपचार की उचित व्यवस्था कर सकेंगे। वर्तमान में पालतू जानवरों के लिए एच5 बर्ड फ्लू का कोई टीका उपलब्ध नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि मौजूदा फ्लू रोधी दवाएं बिल्लियों और कुत्तों में कितनी सुरक्षित और प्रभावी हैं।
इसलिए विशेषज्ञों का सुझाव है कि संक्रमण से बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय है। 1 - जंगली जीवों से दूरी बनाए रखें: कुत्तों को पट्टे से बांधकर रखें और संभव हो तो बिल्लियों को घर के अंदर रखें। इससे वे संक्रमित पक्षियों का शिकार करने या उन्हें खाने से बचेंगे।
2 - बीट और मृत पक्षियों से दूर रखें: वायरस पक्षियों की बीट, पंखों, शवों और दूषित पानी में हो सकता है। भोजन और पानी के कटोरे बाहर न छोड़ें और बाहर बने बिल्ली के बाड़ों को ढककर रखें। 3 - कच्चा खाना सोच-समझकर दें: विदेशों में बिल्लियों के कई मामले कच्चे मांस, बिना पाश्चुरीकृत डेयरी उत्पादों और दूषित पालतू भोजन से जुड़े पाए गए हैं।
इसलिए ऐसे खाद्य पदार्थों से बचना आवश्यक है। केवल भोजन को फ्रीज करने से वायरस के नष्ट होने की गारंटी नहीं होती। 4 - वायरस को घर में न आने दें: यदि आपका काम पक्षियों, जंगली जीवों या मुर्गियों के संपर्क में है, तो घर लौटने से पहले हाथ अच्छी तरह धोएं, उपकरणों को कीटाणुरहित करें और कपड़े तथा जूते बदलें।
विशेषज्ञों के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में अधिकांश पालतू जानवरों के लिए एच5 बर्ड फ्लू का खतरा वर्तमान में बहुत कम है। लेकिन कम जोखिम का मतलब यह नहीं है कि जोखिम शून्य है। इसलिए यदि कहीं कोई बीमार या मृत जंगली जीव दिखाई दे, तो उसे छूने के बजाय उससे दूरी बनाएं और इसकी सूचना ‘इमरजेंसी एनिमल डिजीज हॉटलाइन’ पर दें।
अपने पालतू जानवर को बर्ड फ्लू से बचाने का सबसे सरल तरीका यह है कि उसे संक्रमित पक्षियों और दूषित चीजों से दूर रखें और वायरस को अपने जूतों के माध्यम से घर में प्रवेश करने का मौका न दें।
