क्वीनसलैंड में स्कूल प्रगति रिपोर्ट पर एआई का प्रभाव
स्कूल प्रगति रिपोर्ट का महत्व
(निकोल ब्राउनली, दक्षिण क्वींसलैंड विश्वविद्यालय) क्वींसलैंड, 27 नवंबर (द कन्वरसेशन) साल का वह समय है जब कई परिवारों के अभिभावकों के ईमेल पर बच्चों की स्कूल प्रगति रिपोर्ट पहुंचती है। यह रिपोर्ट स्कूलों द्वारा साल में दो बार अभिभावकों को दी जाती है, जो कि संघीय सरकार द्वारा अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही, यह भी आवश्यक है कि रिपोर्ट की भाषा ऐसी हो, जिसे अभिभावक या बच्चे की देखभाल करने वाला व्यक्ति आसानी से समझ सके। लेकिन, जब स्कूलों में शिक्षक तेजी से कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग करने लगे हैं, तो इसका बच्चों की प्रगति रिपोर्ट पर क्या असर पड़ रहा है?
एआई के उपयोग के नियम
वर्तमान में, स्कूलों में प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के लिए एआई के उपयोग के संबंध में पूरे देश में कोई एक समान दिशा-निर्देश नहीं हैं। उदाहरण के लिए, न्यू साउथ वेल्स में सरकारी स्कूलों के शिक्षक रिपोर्ट में टिप्पणियां तैयार करने के लिए राज्य के अपने एआई मंच का उपयोग कर सकते हैं। क्वींसलैंड में भी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को लिखित सामग्री तैयार करने के लिए एआई का उपयोग करने की अनुमति है। हालांकि, विक्टोरिया में शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट लिखने के लिए एआई का उपयोग करने की अनुमति नहीं है। सभी राज्यों की नीतियों में यह स्पष्ट है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रगति का आकलन शिक्षकों की जिम्मेदारी होगी।
प्रगति रिपोर्ट में आवश्यक जानकारी
कक्षा एक से दसवीं तक के विद्यार्थियों की रिपोर्ट में उनकी पढ़ाई में प्रगति और उपलब्धियों का सटीक आकलन होना चाहिए। इसके अलावा, रिपोर्ट में निम्नलिखित बातें शामिल होनी चाहिए: 1. जहां राष्ट्रीय स्तर पर मानक उपलब्ध हों, वहां विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन उन मानकों के आधार पर किया जाए। 2. विद्यार्थी के प्रदर्शन की तुलना उसकी कक्षा के अन्य विद्यार्थियों के प्रदर्शन से की जाए। 3. पढ़ाए गए प्रत्येक विषय में विद्यार्थी के परिणाम को ए, बी, सी, डी या ई जैसे पांच अंकों वाले किसी अन्य पैमाने पर दर्शाया जाए।
एक प्रभावी प्रगति रिपोर्ट की विशेषताएँ
ऑस्ट्रेलिया में स्कूलों की प्रगति रिपोर्ट पर किए गए शोध बताते हैं कि अभिभावक अपने बच्चे की पढ़ाई में हुई प्रगति से जुड़ी जानकारी चाहते हैं। विद्यार्थी स्पष्ट और विशिष्ट टिप्पणियों को महत्व देते हैं, जो उन्हें समझने में मदद करती हैं कि वे अपनी पढ़ाई में कैसे सुधार कर सकते हैं। हालांकि, ऐसा कहना आसान है, लेकिन इसे लागू करना मुश्किल हो सकता है।
शिक्षक और विद्यार्थी के बीच संबंध
प्रगति रिपोर्ट में लिखी गई कोई टिप्पणी सकारात्मक और आकर्षक हो सकती है, लेकिन उसका कोई खास अर्थ न भी निकले। उदाहरण के लिए, यदि किसी विद्यार्थी के बारे में लिखा जाए कि 'उसे पढ़ाना सुखद अनुभव रहा', तो इससे परिवार को यह नहीं पता चलता कि बच्चे ने वास्तव में क्या सीखा है। विद्यार्थी को अपनी प्रगति, खूबियों और सुधार की जरूरत वाले पहलुओं के बारे में शिक्षक की टिप्पणी पढ़कर यह महसूस होना चाहिए कि उसमें उसी की बात हो रही है।
एआई का उपयोग और चुनौतियाँ
सैद्धांतिक रूप से, चैटजीपीटी जैसे एआई आधारित राइटिंग टूल पहले से तैयार टिप्पणियों की एकरूपता बनाए रखते हुए उन्हें अधिक व्यक्तिगत और विद्यार्थी के अनुरूप बनाने में मदद कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, कोई शिक्षक विद्यार्थी की प्रगति से जुड़े अपने नोट्स एआई को दे सकता है और उससे उन्हें स्पष्ट तथा संक्षिप्त टिप्पणी के रूप में तैयार करने के लिए कह सकता है। इसके बाद शिक्षक यह जांच सकता है कि तैयार टिप्पणी उपलब्ध साक्ष्यों के अनुरूप है या नहीं।
निजता और एआई का उपयोग
हालांकि, यदि कोई शिक्षक रिपोर्ट को अधिक व्यक्तिगत बनाने के लिए विद्यार्थी का नाम या संवेदनशील जानकारियां किसी ऐसे एआई टूल में डालता है, जिसे इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है, तो इससे विद्यार्थी की निजता खतरे में पड़ सकती है।
अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण बातें
असली सवाल यह है कि एआई का इस्तेमाल शिक्षक की बच्चे के प्रति समझ और उसके सीखने की प्रक्रिया पर ध्यान को मजबूत कर रहा है या कमजोर। सामान्य और एक जैसी टिप्पणी इस बात का प्रमाण नहीं है कि रिपोर्ट तैयार करने में एआई का इस्तेमाल किया गया है। अभिभावकों को यह समझना चाहिए कि रिपोर्ट चाहे किसी भी तरीके से तैयार की गई हो, उसमें लिखी जानकारी से बच्चे की प्रगति के बारे में पूरी तस्वीर नहीं मिल सकती।
