खन्ना पुलिस का तेज आवाज वाले साइलेंसरों के खिलाफ अभियान
खन्ना में अवैध साइलेंसरों का नाश
खन्ना पुलिस ने जिले में तेज आवाज वाले बुलेट साइलेंसरों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। इस मुहिम के तहत लगभग 150 अवैध साइलेंसरों को अमलोह चौक पर बुलडोजर से नष्ट किया गया। यह अभियान एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया की देखरेख में संचालित किया गया। पुलिस ने सैकड़ों वाहनों के चालान भी किए और चेतावनी दी कि बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
गैराज संचालकों पर भी कार्रवाई
एसएसपी ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से बाजारों, रिहायशी क्षेत्रों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास तेज आवाज वाले साइलेंसरों की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। अब उन वर्कशॉप, गैराज और मैकेनिकों पर भी ध्यान दिया जाएगा जो वाहनों में अवैध साइलेंसर या गैरकानूनी बदलाव करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज करने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। यदि कोई नाबालिग नियम तोड़ता पाया गया, तो उसके अभिभावकों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
