गाजियाबाद में बैंक हड़ताल से पहले 27 सितंबर को खुलेंगे सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक
बैंक हड़ताल की तैयारी में विशेष कार्य दिवस
गाजियाबाद : यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर, बैंक ग्राहकों के लिए राहत की व्यवस्था की गई है। हड़ताल से पहले, रविवार 27 सितंबर 2026 को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से कार्य करेंगे। इसका उद्देश्य ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में संभावित रुकावट से बचाना है।
जिला अग्रणी प्रबंधक बुधराम के अनुसार, वित्त मंत्रालय के निर्देशों के तहत 27 सितंबर को बैंकों को विशेष कार्य दिवस के रूप में संचालित किया जाएगा। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को संचालित करने की अनुमति दी है।
26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे, और इसके अगले दिन 27 सितंबर रविवार है। लेकिन हड़ताल से पहले ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर को बैंक खोले जाएंगे। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल प्रस्तावित है, जिससे बैंक शाखाओं के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
सूत्रों के अनुसार, विभिन्न बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे 27 सितंबर को शाखा में जाकर आवश्यक कार्य पूरा कर लें। विशेष रूप से नगदी निकासी, चेक से जुड़े कार्य, लोन संबंधी कार्य और अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।
बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे संभावित हड़ताल को ध्यान में रखते हुए अपनी बैंकिंग जरूरतों की योजना पहले से बना लें। बुधराम ने बताया कि 27 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य ग्राहकों को हड़ताल से पहले आवश्यक कार्य निपटने का अवसर देना है।
तीन दिन की बैंक हड़ताल का सबसे अधिक प्रभाव उन व्यापारियों पर पड़ेगा, जिनका कारोबार मुख्य रूप से नकदी लेनदेन पर निर्भर है। लगातार बैंक शाखाएं बंद रहने से कैश जमा करने, बड़ी रकम निकालने, चेक जमा करने और भुगतान के लिए नकदी की व्यवस्था में कठिनाई हो सकती है। थोक व्यापारियों, मंडी कारोबार, छोटे दुकानदारों और ऐसे प्रतिष्ठानों को पहले से नकदी की जरूरत का आकलन करने की सलाह दी गई है।
व्यापारियों के लिए 27 सितंबर का विशेष बैंकिंग दिवस महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि इस दिन वे जरूरत के अनुसार नकदी निकालने, अतिरिक्त कैश बैंक खाते में जमा करने और चेक से संबंधित कार्य निपटा सकते हैं।
