गाजियाबाद में वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को मिला सम्मान
जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
गाजियाबाद: जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित एक समारोह में सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए जिले के वरिष्ठ पत्रकार और समाज चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने डॉ. बच्चन की समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा और कर्तव्य निष्ठा की सराहना की।
यह कार्यक्रम शुक्रवार, 11 सितंबर को आयोजित किया गया, जिसमें डीएम माँदड़ के साथ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह और जिला एनजीओ कोर्डिनेटर तनुज गंभीर भी उपस्थित थे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत 41 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 35 एनजीओ और 6 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स शामिल थे।
जितेन्द्र बच्चन ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में निरंतर सेवा का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा, “इस सम्मान के लिए मैं जिलाधिकारी, सीडीओ, जिला सूचना अधिकारी और जिला एनजीओ कोर्डिनेटर का दिल से आभार व्यक्त करता हूँ। यह प्रोत्साहन हमारे संकल्प ‘विकसित समाज सशक्त भारत’ को और मजबूत करता है।”
कार्यक्रम में डीएम और सीडीओ ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने की अपील की। इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर कई गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी उपस्थित रहे।
