गुजरात के कुएं में पानी की रहस्यमय हलचल से मचा हड़कंप
गुजरात के मोरबी में कुएं का रहस्य
गुजरात के मोरबी जिले में एक कुएं का पानी अचानक तेज गति से हिलने लगा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। यह घटना मोरबी तालुका के विरपरडा गांव में हुई है। पानी में हो रही हलचल को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच रहे हैं।
इस घटना के बाद कुछ लोगों ने इसे भूकंपीय गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन प्रारंभिक जांच में भूकंप से संबंधित कोई संकेत नहीं मिले हैं। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भू-वैज्ञानिकों से जांच कराने का निर्णय लिया है।
पानी में हलचल का कारण क्या हो सकता है?
जिला प्रशासन के अनुसार, कुएं के पानी में हलचल की संभावित वजह जमीन के नीचे या पानी के भीतर फंसी हवा हो सकती है। हवा के दबाव और उसके स्थान में बदलाव से पानी की सतह पर तेज कंपन या लहरें उत्पन्न हो सकती हैं। इसके अलावा हाल की बारिश के कारण भूजल स्तर में बदलाव और पानी के रीचार्ज को भी संभावित कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों ने इसे किसी भूकंपीय घटना से जोड़ने का कोई ठोस प्रमाण नहीं पाया है। प्रशासन ने गुजरात ग्राउंडवॉटर रिसर्च इंस्टीट्यूट को विस्तृत जांच करने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
गुजरात में हड़कंप
कुएं का पानी इस गति से लगातार हिल रहा है
पूरे गांव में डर का माहौल
pic.twitter.com/R3lSK7RTTy
— रॉयल सिंह
(@Royalsinghz3) 6 अगस्त, 2026
कुआं लगभग तीन महीने पहले बना था
स्थानीय जानकारी के अनुसार, जिस कुएं में यह हलचल देखी जा रही है, उसका निर्माण लगभग तीन महीने पहले हुआ था। कुएं के मालिक प्रांजिवन सदारिया ने बताया कि शुरुआत में पानी सामान्य था, लेकिन हाल ही में इसमें असामान्य गतिविधि दिखाई देने लगी।
कहा जा रहा है कि कभी पानी शांत हो जाता है और कभी उसमें तेज हलचल शुरू हो जाती है। इस कारण स्थानीय लोगों में कौतूहल बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन और विशेषज्ञ स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और अंतिम कारण विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।

(@Royalsinghz3)